जन्मदिन के बहाने करा रही थी धर्मांतरण, पुलिस ने छह महिलाओं को किया गिरफ्तार

आजमगढ़. जिले में धर्मांतरण का खेल बंद होने का नाम नहीं ले रहा है। अब ताजा मामला महराजगंज के वार्ड संख्या-1 में सामने आया है। यहां जन्मदिन पार्टी के बहाने लोगों को एकत्र कर लालच देकर तथा भूत प्रेत का खतरा दिखाकर धर्मांतरण किया जा रहा था। मामले की जानकारी होने पर विश्व हिंदू परिषद के नेता अरूण सिंह ने पुलिस को मामले से अगवत कराया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छह महिलाओं को धर्मांतरण कराने के आरोप में गिरफ्तार किया। इनके पास से इसाई धर्म से संबंधित अभिलेख भी बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक महराजगंज थाने में तैनात उप निरीक्षक कमलेश यादव हमराहियों के साथ क्षेत्र में थे उसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि कुछ महिलाओं द्वारा धर्म परिवर्तन के लिए गरीब गरीब लोगों को उकसाया जा रहा है। विरोध करने पर धमकी दी जा रही है। इसके बाद पुलिस महराजगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या-1 की दलित बस्ती में पहुंची वहां जन्मदिन पार्टी के बहाने लोगों को धर्मांतरण के लिए उकसाया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से श्रीमती इन्द्रकला पत्नी महेन्द्र कुमार निवासी पिपरी थाना कप्तानगंज, सुभागी देवी पत्नी घनश्याम निवासी विशुनपुर थाना महराजगंज, साधना पुत्री दयाराम निवासी अखरचन्दा थाना महराजगंज, सबिता पत्नी सुनील निवासी पासीपुर थाना महराजगंज, अनीता पत्नी स्व. गोपाल निवासी बड़की गढ़हन थाना तहबरपुर तथा सुनीता पत्नी स्व. नागेन्द्र राम निवासी विशुनपुर थाना महराजगंज को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने इंद्रकला के पास एक बाइबिल पुस्तक, सालोम आराधना गीत व दो रफ कापी जिनके अंदर धर्म से सबन्धित ईसा मसीह के संबंध में अंकित किया गया है। साधना पुत्री दयाराम के पास से एक अदद सालमा आराधना गीत व स्तुतिगान तथा दो रफ कापी जिस पर कलम से ईशा मशीह के बारे में लिखा गया था बरामद हुआ। इसी तरह से अनिता देवी के पर्स से एक अदद बिना कभर आराधना गीत, डायरी व सुभागी देवी, सबिता देवी, सुनीता देवी के पास से कोई सामान बरामद नहीं हुआ। गिरफ्तार इन्द्रकला के घर बच्चे के जन्मदिन के आड़ में प्रार्थना सभा आयोजित कर लोगो को बहला फुसलाकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था।
सौजन्य : Patrika
नोट : यह समाचार मूलरूप से patrika.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !